Government Employees Bonus News: त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने ग्रुप C और गैर राजपत्रित ग्रुप B कर्मचारियों के लिए प्रोडक्टिविटी लिंक बोनस की घोषणा की है। त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने ग्रुप C और गैर राजपत्रित ग्रुप B कर्मचारियों के लिए बोनस की घोषणा की है। यह बोनस प्रोडक्टिविटी लिंक बोनस के रूप में दिया जाएगा, जिसकी राशि 30 दिन की सैलरी के बराबर तय की गई है। वित्त मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। ताज़ा आदेश के मुताबिक हर पात्र कर्मचारी को 6908 रुपए बोनस मिलेगा। दिवाली से पहले यह खबर लाखों कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान लेकर आई है।
किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
सरकारी आदेश के अनुसार यह बोनस उन्हीं कर्मचारियों को दिया जाएगा जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में बने रहेंगे और जिन्होंने कम से कम लगातार 6 महीने नौकरी की हो। अगर किसी कर्मचारी ने पूरे साल काम नहीं किया है तो उसे उतने महीनों का बोनस मिलेगा जितना उसने काम किया है।
इसके दायरे में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के कर्मचारी भी आएंगे। केंद्र शासित प्रदेशों के वे कर्मचारी जो केंद्र सरकार के वेतन ढांचे पर काम करते हैं और जिन्हें किसी अन्य प्रकार का बोनस नहीं मिलता, वे भी इसका लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा एडहॉक कर्मचारी जिनकी सेवा बाधित नहीं हुई है और कैजुअल लेबर जो लगातार 3 साल से काम कर रहे हैं, उन्हें भी बोनस मिलेगा। कैजुअल लेबर का बोनस 1184 रुपए तक तय किया गया है।
बोनस से जुड़ी अहम शर्तें
यह बोनस केवल उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च 2025 तक नौकरी में रहेंगे। जो कर्मचारी इस तारीख से पहले रिटायर हो गए, इस्तीफ़ा दे चुके हैं या जिनका निधन हो गया, उनमें से केवल वही पात्र होंगे जिन्होंने कम से कम 6 महीने काम किया हो।
डेपुटेशन पर काम करने वाले कर्मचारियों को बोनस उनकी वर्तमान संस्था द्वारा दिया जाएगा। साथ ही बोनस की राशि को अंतिम भुगतान के समय निकटतम रुपए तक राउंड किया जाएगा।
बोनस की गणना कैसे होगी
बोनस निकालने के लिए अधिकतम ₹7000 मासिक वेतन को आधार माना जाएगा। अगर किसी कर्मचारी का वेतन ₹7000 है तो उसे ₹6907.89 रुपए मिलेंगे, जिसे राउंड करके ₹6908 कर दिया जाएगा। इस फैसले से लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के जवानों को सीधा फायदा होगा। त्योहार के मौसम में उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और खुशियां दोगुनी हो जाएंगी।